कोरोनावायरस से छुटकारा पाने में सफल होगा देश
सरला कुमारी
आज पूरा विश्व कोरोनावायरस के संकट से परेशान है। अमरीका, इटली, जर्मनी, फ़्राँस और चीन जैसे देशों के हालात देखकर कोरोना का का डर सबको झकझोर रहा है। चीन देश से पैदा हुए इस गम्भीर वायरस ने लाखों लोगों को संक्रमित कर दिया है और इसके कारण हजारों लोगो की जानें भी जा चुकी हैं। इस तरह कोरोनावायरस का कहर आज पूरे विश्व में देखा जा रहा है जिससे लोग भयभीत हो उठे हैं। काफ़ी संख्या में लोग अपना काम-कारोबार छोड़कर अपने घर और गाँव चले गए हैं। कोरोना का इतना डर है कि कई लोग अस्पताल नहीं जाते। ऐसा करने से लोग अपने परिवार तक को नुकसान पहुँचा सकते हैं। ऐसे माहौल में सावधानी बरतने से ही हम सुरक्षित रह सकते हैं। सुरक्षित रहने के लिए हमें स्वयं को और अपने आसपास रहने वाले सभी लोगों को जागरूक करने की आवश्यकता है।
जितने भी इसके मरीज़ भारत में आए हैं वो बाहरी देशों से ही आए हैं और यहाँ आकर सैंकड़ों लोगों को संक्रमित कर चुके हैं। इस डरावने वायरस ने सभी को संकट में डाल दिया है।
देश में 21 दिन का लॉकडाउन लगाए जाने से अच्छे परिणाम निकल सकते हैं। कई जगहों पर लोग अपने घरों से बाहर बिना किसी काम के निकल रहे हैं और सरकार के आदेशों का पालन नहीं कर रहे हैं। इससे वो स्वयं ही नहीं बल्कि दूसरों को भी संकट में डाल सकते हैं। जब लोगों को घरों में रहने को कहा गया है तो घर में ही रहना चाहिए। यह मनुष्य पर आया ऐसा संकट है जिससे सभी को मिलकर निपटना है।
देश के प्रधानमन्त्री, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों और विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा कोरोना वायरस से बचाव के लिए तरह-तरह के सुझाव दिए जा रहे हैं। इस महामारी से निपटने के लिए सरकार द्वारा तरह-तरह के प्रयत्न किए जा रहे हैं। समय-समय पर उचित दिशा-निर्देश भी दिए जा रहे हैं। अधिक से अधिक सुविधाएं दी जा रही हैं तथा काफ़ी सारी व्यवस्थाएं भी की जा रही हैं। सब लोगों को घर पर रहकर सरकार के दिशा-निर्देश का पालन करना है।
सरकार द्वारा मन्दिरों को बन्द करना, बड़े सभी पर्वों व मेलों के आयोजन पर रोक लगाना और सभी सरकारी, ग़ैर-सरकारी बड़े कार्यक्रम को स्थगित करना आदि निर्णय लिए जा रहे हैं ताकि एक स्थान पर लोगों की भीड़ जमा न हो। यह सब हम सभी की भलाई के लिए है। इसलिए सभी निर्देशों का पालन करना हर व्यक्ति के लिए आवश्यक है। अपना परम कर्तव्य समझकर सरकार के आदेशों का पालन करना ही लाभदायक रहेगा। लोगों को सरकार द्वारा लिए गए निर्णयों और सुझावों पर अधिक ध्यान देना चाहिए न कि अफ़वाहों पर। अफवाहों ने लोगों में दहशत फैला रखी है।
इस देश में पहले भी कई प्रकार की चुनौतियां आ चुकी है और उन चुनौतियों का सामना करके उसका सामाधान किया गया है। देश की जनता इस बात पर भरोसा रखे कि कोरोनावायरस से भी शीघ्र ही छुटकारा पाने में देश सफल होगा।