हिमाचल प्रदेश के कर्मचारियों और पैन्शनधारकों को दिया जाएगा 34 प्रतिशत महंगाई भत्ता

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमन्त्री सुखविन्दर सिंह सुक्खू ने शनिवार को प्रदेश के ज़िला लाहौल स्पिति के काज़ा में आयोजित हिमाचल प्रदेश के 76वें राज्य स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह में किया यह ऐलान

हिमाचल प्रदेश के सभी कर्मचारियों और पैन्शनधारकों को 31 प्रतिशत की जगह 34 प्रतिशत महंगाई भत्ता दिया जाएगा। यह ऐलान हिमाचल प्रदेश के मुख्यमन्त्री सुखविन्दर सिंह सुक्खू ने शनिवार को प्रदेश के ज़िला लाहौल स्पिति के काज़ा में आयोजित हिमाचल प्रदेश के 76वें राज्य स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह में किया।
हिमाचल प्रदेश सरकार के इस फ़ैसले से प्रदेश के क़रीब 2.15 लाख कर्मचारियों और क़रीब 1.90 लाख पैन्शनधारकों को फ़ायदा होगा। इससे राजकोष पर क़रीब 500 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।
स्पिति घाटी की 18 साल से ज़्यादा आयु की सभी 9,000 महिलाओं को जून, 2023 से 1,500 रुपये की मासिक पैन्शन देने का भी ऐलान किया गया। काज़ा में एक महाविद्यालय और 50 बिस्तर की क्षमता के सामुदायिक स्वास्थ्य-केन्द्र को कार्यशील करने की भी बात कही गई।
सुखविन्दर सिंह सुक्खू ने कहा कि स्पिति घाटी के रंगरिक में हवाई पट्टी विकसित करने का मुद्दा रक्षा मन्त्रालय के सामने उठाया जाएगा। सुखविन्दर सिंह ने कहा कि रौंगटौंग में एक हैलिपोर्ट का निर्माण किया जाएगा। सुखविन्दर ने कहा कि प्रधानमन्त्री ग्राम सड़क योजना के तीसरे चरण में पिन घाटी में अटारगु से मुद तक 34 करोड़ रुपये की लागत से एक सड़क का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भावा को मुद से जोड़ने के लिए भी एक सड़क का निर्माण किया जाएगा। सुखविन्दर सिंह सुक्खू ने कहा कि केन्द्र सरकार की मदद से लाँग्जा में एक स्टार-गेज़िंग वेधशाला स्थापित की जाएगी।

You might also like

Leave A Reply

Your email address will not be published.