जल शक्ति उप-मण्डलों में जल संरक्षण ढाँचे बनाए जाएंगे – जय राम ठाकुर

ज़िला मण्डी के सिराज विधान सभा क्षेत्र के अन्तर्गत जंजैहली के निकट कुठाह मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय जल दिवस पर बोल रहे थे जय राम

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमन्त्री जय राम ठाकुर ने कहा है कि सभी जल शक्ति उप-मण्डलों में जल संरक्षण ढाँचे बनाए जाएंगे। जय राम ठाकुर ने कहा कि जल की गुणवत्ता जाँचने और जल-स्रोतों की सफ़ाई के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे। जय राम ज़िला मण्डी के सिराज विधान सभा क्षेत्र के अन्तर्गत जंजैहली के निकट कुठाह मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय जल दिवस पर बोल रहे थे।
जय राम ठाकुर ने पूर्ण राज्यत्व के स्वर्ण जयन्ती वर्ष के अवसर पर राज्य के सभी जल शक्ति उप-मण्डलों में वर्षा जल संग्रहण और जल-संरक्षण के लिए कम से कम एक जल संरक्षण ढाँचे के निर्माण की घोषणा की। जय राम ने कहा कि प्रदेश में जल की गुणवत्ता जाँचने के लिए जून माह के पहले पखवाड़े में एक विशेष अभियान चलाया जाएगा जिसके अन्तर्गत गाँवों, स्कूलों और आँगनवाड़ी केन्द्रों के जल के नमूनों की जाँच प्रयोगशाला में की जाएगी। उन्होंने प्रदेश के निर्वाचित प्रतिनिधियों से जल-संरक्षण और वर्षाजल-संग्रहण की दिशा में कार्य करने का आह्वान भी किया।
जय राम ठाकुर ने कहा कि गाँधी जयन्ती के अवसर पर दो अक्तूबर से 31 अक्तूबर तक सभी जल स्रोतों की सफ़ाई के लिए अभियान चलाया जाएगा जिसका उद्देश्य जल-गुणवत्ता और जल-संरक्षण को एक जन-अभियान बनाना है। जय राम ने कहा कि जल शक्ति विभाग द्वारा 25 जनवरी, 2021 से जल-गुणवत्ता और जल-संरक्षण के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं जो 24 जनवरी, 2022 तक जारी रहेंगे।

You might also like

Leave A Reply

Your email address will not be published.