हिमाचल प्रदेश में राज्य आपदा प्रतिक्रिया कोष का उपयोग लॉकडॉउन में फंसे लोगों के भोजन के लिए किया जाएगा
हिमाचल प्रदेश में राज्य आपदा प्रतिक्रिया कोष का उपयोग लॉकडॉउन में फंसे लोगों के भोजन की व्यवस्था के लिए किया जाएगा। यह जानकारी देते हुए हिमाचल प्रदेश के मुख्यमन्त्री जय राम ठाकुर ने कहा है कि भारत सरकार के दिशा-निर्देश के अनुसार राज्य आपदा प्रतिक्रिया कोष के तहत जारी किए गए उस धन का उपयोग अब लॉकडॉउन में फंसे लोगों के लिए भोजन के प्रावधान के लिए किया जा सकता है जो पहले आपदा-सम्बन्धी गतिविधियों के लिए ही उपयोग किया जाता था। मुख्यमन्त्री ने कहा कि ज़िला-प्रशासन को भी इससे सम्बन्धित निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
मुख्यमन्त्री ने कहा कि चण्डीगढ़ और दिल्ली में रह रहे छात्र और वहाँ काम करने वाले लोग, जो लॉकडॉउन के कारण फिलहाल घर वापस नहीं आ सकते, उनके लिए हिमाचल भवन, चण्डीगढ़ और दिल्ली में व्यवस्था कर दी गई है।