सुखविन्दर सिंह सूक्खू ने किया गर्ल्स होस्टल ऋषिका संघमित्रा का शिलान्यास
इस छात्रावास के निर्माण पर ख़र्च की जाएगी लगभग 14.50 करोड़ रुपये की धनराशि
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमन्त्री सुखविन्दर सिंह सूक्खू ने शनिवार को शिमला के नज़दीक घण्डल में हिमाचल प्रदेश विधि विश्वविद्यालय के गर्ल्स होस्टल ऋषिका संघमित्रा का शिलान्यास किया है। इस छात्रावास के निर्माण पर लगभग 14.50 करोड़ रुपये की धनराशि ख़र्च की जाएगी।
इस मौक़े पर मौजूद लोगों को सम्बोधित करते हुए सुखविन्दर सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार इस कन्या छात्रावास के निर्माण के लिए पर्याप्त अतिरिक्त बजट उपलब्ध करवाएगी। सुखविन्दर सिंह ने कहा कि राज्य सरकार इस छात्रावास के निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध होते ही पाँच करोड़ रुपये की धनराशि देगी। सुखविन्दर ने विश्वविद्यालय के अधिकारियों से एक बॉयज़ होस्टल का निर्माण करने के लिए भी कहा।