15 अप्रैल को आरम्भ होगी स्वर्णिम हिमाचल रथ यात्रा – जय राम ठाकुर

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमन्त्री जय राम ठाकुर ने शिमला में रथ यात्रा के लिए राज्य स्तरीय कार्यकारी समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही यह बात

हिमाचल प्रदेश में हिमाचल दिवस के अवसर पर 15 अप्रैल, 2021 को स्वर्णिम हिमाचल रथ यात्रा आरम्भ होगी और 51 दिनों की यह यात्रा प्रदेश की सभी 3,615 ग्राम पंचायतों और शहरी स्थानीय निकायों से होकर गुज़रेगी। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमन्त्री जय राम ठाकुर ने यह बात शिमला में रथ यात्रा के लिए राज्य स्तरीय कार्यकारी समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही।
जय राम ठाकुर ने कहा कि स्वर्णिम रथ यात्रा का प्रमुख उद्देश्य प्रत्येक हिमाचलवासी की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कर, उनमें अपनत्व की भावना उत्पन्न करना है। जय राम ने कहा कि इस यात्रा का लक्ष्य हिमाचल प्रदेश की 50 वर्षों की विकास-यात्रा प्रदर्शित करना है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन को सफल बनाने के लिए मन्त्रियों, विधायकों और शहरी स्थानीय निकायों एवं पंचायती राज संस्थाओं के निर्वाचित प्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
जय राम ठाकुर ने कहा कि इस रथ यात्रा में प्रदेश सरकार की उपलब्धियों, नीतियों और कार्यक्रमों पर प्रकाश डालने पर विशेष बल दिया जाएगा जिसके लिए विभिन्न विभाग अपनी विकास-यात्रा को दर्शाती विवरणिका, सूचना और शिक्षा एवं संचार सामग्री उपलब्ध करवाएंगे जिसे डिजिटल रथ के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। जय राम ने कहा कि लोगों के मनोरंजन के लिए स्थानीय व राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों एवं साँस्कृतिक दलों को जोड़ा जाएगा और नुक्कड़-नाटकों और गानों के माध्यम से प्रदेश की विकास-यात्रा पर प्रकाश डाला जाएगा। उन्होंने कहा कि युवाओं और विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय स्तर पर स्वर्णिम इतिहास पर चर्चा, क़्विज़ प्रतियोगिताएं, वाद-विवाद और चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

You might also like

Leave A Reply

Your email address will not be published.