सरकार कर रही है यूनिवर्सल कार्टन लागू करने के लिए क़ानूनी पहलुओं का अध्ययन
आज शिमला में हिमाचल प्रदेश सहकारी बैंक के अध्यक्ष देवेन्द्र श्याम के नेतृत्व में मिलने आए ठियोग विधानसभा क्षेत्र के एक प्रतिनिधमण्डल को सम्बोधित कर रहे थे सुखविन्दर सिंह सुक्खू
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमन्त्री सुखविन्दर सिंह सुक्खू ने शनिवार को कहा है कि हिमाचल प्रदेश सरकार यूनिवर्सल कार्टन लागू करने के लिए क़ानूनी पहलुओं का अध्ययन कर रही है। सुखविन्दर सिंह सुक्खू आज शिमला में हिमाचल प्रदेश सहकारी बैंक के अध्यक्ष देवेन्द्र श्याम के नेतृत्व में मिलने आए ठियोग विधानसभा क्षेत्र के एक प्रतिनिधमण्डल को सम्बोधित कर रहे थे।
सुखविन्दर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य के बाग़वानों की आर्थिकी सुदृढ़ करने के लिए प्रदेश सरकार ने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। सुखविन्दर सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार ने सीए स्टोर स्थापित करने की दिशा में कदम उठाए हैं ताकि बाग़वानों को उनके उत्पाद का सही मूल्य मिल सके और उन्हें बिचौलियों के शोषण से बचाया जा सके। सुखविन्दर ने कहा कि इसके अलावा सेब आधारित डिस्टिलरी स्थापित करने पर भी विचार किया जा रहा है ताकि बाग़वान कम गुणवत्ता वाले सेबों को भी बेचकर अतिरिक्त आय अर्जित कर सकें।