अदालतों में लम्बित होने से कई परियोजनाओं में हुआ है विलम्ब, कहा जय राम ठाकुर ने
आज शिमला में अदालतों में लम्बित मामलों के दृष्टिगत प्रशासनिक सचिवों और महा अधिवक्ता के साथ आयोजित बैठक में बोल रहे थे जय राम ठाकुर
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमन्त्री जय राम ठाकुर ने कहा है कि विभिन्न स्वीकृतियों के न मिलने और अदालतों में लम्बित होने से कई विकासात्मक परियोजनाओं में विलम्ब हुआ है। जय राम ठाकुर आज शिमला में अदालतों में लम्बित मामलों के दृष्टिगत प्रशासनिक सचिवों और महा अधिवक्ता के साथ आयोजित बैठक में बोल रहे थे।
जय राम ठाकुर ने विभिन्न न्यायालयों में स्वीकृति प्राप्त करने सम्बन्धी मामलों में अधिकारियों को सक्रिय रूप से कार्य करने के निर्देश दिए। जय राम ने कहा कि इससे न सिर्फ़ आम लोगों को लाभ होगा बल्कि परियोजना-सम्बन्धी लागत से भी बचा जा सकेगा। उन्होंने प्रदेश के सभी विभागों में बेहतर समन्वय बनाए रखने की ज़रूरत पर ज़ोर दिया।
जय राम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार ने एक लिटिगेशन मॉनिटरिंग सॉफ़्टवेयर विकसित किया है जिसमें सभी अदालती मामले दर्ज किए जा रहे हैं। जय राम ने कहा कि महात्वाकाँक्षी परियोजनाओं से सम्बन्धित और प्रमुखता वाले मामलों को विशेष प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक सचिवों को महा अधिवक्ता के कार्यालय के साथ समन्वय स्थापित करना चाहिए।