जय राम ठाकुर ने दिए पर्यटकों द्वारा कोविड उपयुक्त व्यवहार के पालन के निर्देश

जय राम ठाकुर शिमला से कर रहे थे उपायुक्तों, पुलिस अधीक्षकों और मुख्य चिकित्सा अधिकारियों के साथ प्रदेश में कोविड-19 महामारी की समीक्षा-बैठक की अध्यक्षता

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमन्त्री जय राम ठाकुर ने पर्यटकों द्वारा कोविड उपयुक्त व्यवहार का पालन सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। जय राम ठाकुर शिमला से उपायुक्तों, पुलिस अधीक्षकों और मुख्य चिकित्सा अधिकारियों के साथ प्रदेश में कोविड-19 महामारी की समीक्षा-बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। जय राम ने अधिकारियों को इस महामारी के प्रसार को फैलने से रोकने के लिए प्रदेश में आने वाले पर्यटकों द्वारा कोविड-19 उपयुक्त व्यवहार का सख़्ती से पालन सुनिश्चित करने के लिए कहा।
जय राम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार ने पर्यटकों को प्रदेश में निर्बाध आवाजाही की अनुमति दी है जिसके परिणामस्वरूप बड़ी संख्या में पर्यटक प्रदेश में आ रहे हैं। जय राम ने कहा कि राज्य सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि किसी भी पर्यटक को राज्य सरकार द्वारा कोविड-19 उपयुक्त व्यवहार के सम्बन्ध में जारी मानक संचालन प्रक्रिया का उल्लंघन करने की अनुमति न दी जाए। उन्होंने ज़िला प्रशासन को कोविड उपयुक्त व्यवहार का पालन नहीं करने वाले पर्यटकों पर नज़र रखने और उल्लंघनकर्ताओं के ख़िलाफ़ कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए। जय राम ठाकुर ने पर्यटकों से प्रदेश सरकार द्वारा समय-समय पर जारी मानक संचालन प्रक्रिया का कड़ाई से पालन करने के अलावा फ़ेस मास्क और हैण्ड सैनिटाइज़र का उपयोग करने का आग्रह किया।

You might also like

Leave A Reply

Your email address will not be published.