हिमाचल प्रदेश में 6.60 लाख लोगों को की जा रही है सामाजिक सुरक्षा पैन्शन प्रदान
यह जानकारी देते हुए हिमाचल प्रदेश के मुख्यमन्त्री जय राम ठाकुर ने आज शिमला में कहा कि राज्य सरकार समाज के सभी पात्र कमजोर वर्गों को सामाजिक सुरक्षा पैन्शन प्रदान कर रही है
हिमाचल प्रदेश में 1,050 करोड़ रुपये व्यय कर, 6.60 लाख लोगों को सामाजिक सुरक्षा पैन्शन प्रदान की जा रही है। यह जानकारी देते हुए हिमाचल प्रदेश के मुख्यमन्त्री जय राम ठाकुर ने आज शिमला में कहा कि राज्य सरकार समाज के सभी पात्र कमजोर वर्गों को सामाजिक सुरक्षा पैन्शन प्रदान कर रही है। जय राम ठाकुर ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पैन्शन योजना के तहत 40,000 अतिरिक्त लाभार्थियों को कवर किया जाएगा।
जय राम ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा महिलाओं का सामाजिक-आर्थिक उत्थान सुनिश्चित करने के लिए कई योजनाएं आरम्भ की गई हैं। जय राम ने कहा कि इस वर्ष से सरकार ने स्वर्ण जयन्ती नारी सम्बल योजना के तहत 65 से 69 वर्ष की आयु वर्ग की पात्र वृद्ध महिलाओं के लिए बिना किसी आय-सीमा के सामाजिक सुरक्षा के दायरे का विस्तार करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि लगभग 60,000 पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपये की सामाजिक सुरक्षा पैन्शन प्रदान की जाएगी।
जय राम ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार ने ग़रीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले परिवारों के दो बच्चों को दी जाने वाली जन्मोत्तर अनुदान राशि को 12,000 रुपये से बढ़ाकर 21,000 रुपये किया है। जय राम ने कहा कि यह धनराशि जन्म के समय जन्मोत्तर अनुदान राशि और छात्रवृत्ति योजनाओं को युक्तिसंगत और एकीकृत कर, सावधि जमा के रूप में प्रदान की जा रही है।
जय राम ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार ने सभी बीपीऐल परिवारों की लड़कियों को उनकी शादी के समय 31,000 रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान करने के लिए ‘शगुन’ योजना भी आरम्भ की है। जय राम ने कहा कि राज्य सरकार 70 वर्ष से अधिक आयु के पात्र वरिष्ठ नागरिकों को 1,500 रुपये प्रतिमाह सामाजिक सुरक्षा पैन्शन प्रदान कर रही है।