जय राम ठाकुर ने की फ़सल विविधीकरण संवर्द्धन परियोजना के दूसरे चरण की शुरुआत

जय राम ने कहा कि जाइका सहायता प्राप्त फ़सल विविधिकरण परियोजना के दूसरे चरण को राज्य के सभी ज़िलों में लागू किया जाएगा

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमन्त्री जय राम ठाकुर ने आज धर्मशाला में जापान अन्तर्राष्ट्रीय सहयोग एजैन्सी (जाइका) के आर्थिक सहयोग से 1,010.60 करोड़ रुपये की हिमाचल प्रदेश फ़सल विविधीकरण संवर्द्धन परियोजना (एचपीसीडीपी) चरण-2 की शुरुआत की है। इस मौक़े पर जय राम ठाकुर ने कहा कि इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य फ़सल विविधीकरण के एक मॉडल का प्रसार करना है। जय राम ने कहा कि जाइका सहायता प्राप्त फ़सल विविधीकरण परियोजना के दूसरे चरण को राज्य के सभी ज़िलों में लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि परियोजना का पहला चरण 2011 से प्रायौगिक आधार पर राज्य के पाँच ज़िलों मण्डी, काँगड़ा, हमीरपुर, बिलासपुर और ऊना में कार्यान्वित किया जा रहा है।
जय राम ठाकुुुर ने कहा कि राज्य सरकार राज्य के विकास के लिए केन्द्र सरकार, बाहरी वित्त पोषण एजैन्सियों जैसे जाइका, विश्व बैंक और एशियाई विकास बैंक आदि सभी सम्भावित स्रोतों से संसाधन जुटा रही है। जय राम ने कहा कि राज्य सरकार जाइका को वित्तीय सहायता का सबसे महत्वपूर्ण स्रोत मानती है।
जय राम ठाकुर ने कहा कि भारत और जापान दोनों ने खाद्यान्न के थोक उत्पादन के बजाय सतत उत्पादन की प्रणाली विकसित की है। जय राम ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र ने भी सतत विकास के लिए लक्ष्य निर्धारित किए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने बजटीय और योजना प्रक्रिया में सतत विकास लक्ष्यों का सहयोग कर, उन्हें संस्थागत रूप दिया है।

You might also like

Leave A Reply

Your email address will not be published.