बाग़वानों का शोषण करने वाली कम्पनियों के गोदामों को तोड़ देंगे – राकेश टिकैत
हिमाचल प्रदेश में सेब के दाम कम किए जाने की साज़िश पर एक प्रैस वार्ता में बोल रहे थे टिकैत
किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश के बाग़वानों का शोषण नहीं होने देंगे और ज़रूरी हुआ तो बाग़वानों का शोषण करने वाली कम्पनियों के गोदामों को तोड़ देंगे। राकेश टिकैत ने कहा कि ठण्डे शिमला को भी गर्म करना जानते हैं। टिकैत हिमाचल प्रदेश में सेब के दाम कम किए जाने की साज़िश पर एक प्रैस वार्ता में बोल रहे थे।
ग़ौरतलब है कि सेब के दाम 16 रुपये प्रति किलोग्राम तक कम कर दिए गए हैं। इस पर राकेश टिकैत ने कहा कि किसानों का शोषण करने वाले व्यापारी किसानों को मार्केट डॉउन करके लूटते हैं। टिकैत ने कहा कि सेब के दाम गिरने नहीं देंगे।
राकेश टिकैत ने कहा कि जो असम में हुआ वही हिमाचल प्रदेश में करने की कोशिश की जा रही है। टिकैत ने कहा कि असम में चाय बाग़ान के मालिक आज अपने ही चाय बाग़ान में मज़दूर बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि किसानों और बाग़वानों को मज़दूर बनाने की साज़िश रची जा रही है।