किसानों की हत्या के ख़िलाफ़ शिमला में संयुक्त किसान मोर्चा ने दिया माल रोड पर धरना

इस धरने में किसान सभा के अतिरिक्त मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी, डैमोक्रैटिक यूथ फ़ैडरेशन ऑफ़ इण्डिया और स्टूडैन्ट्स फ़ैडरेशन ऑफ़ इण्डिया ने भी लिया भाग

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में किसानों की हत्या के ख़िलाफ़ आज शिमला में संयुक्त किसान मोर्चा ने ऐतिहासिक माल रोड पर धरना दिया। इस धरने में किसान सभा के अतिरिक्त मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी, डैमोक्रैटिक यूथ फ़ैडरेशन ऑफ़ इण्डिया और स्टूडैन्ट्स फ़ैडरेशन ऑफ़ इण्डिया ने भी भाग लिया। इस अवसर पर भारी संख्या में पुलिस बल भी तैनात था।
शिमला के माल रोड पर पुलिस सहायता कक्ष के सामने संयुक्त किसान मोर्चा ने जमकर नारेबाज़ी की। संयुक्त किसान मोर्चा ने लखीमपुर खीरी में किसानों की हत्या और भारत सरकार द्वारा लाए गए तीन कृषि क़ानूनों के ख़िलाफ़ नारे लगाए। धरना-स्थल पर ज़िला शिमला के ठियोग विधानसभा क्षेत्र के विधायक राकेश सिंघा ने सम्बोधित भी किया। राकेश सिंघा हिमाचल प्रदेश विधानसभा में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी से एकमात्र विधायक हैं।
ग़ौरतलब है कि पिछले कल लखीमपुर खीरी में प्रदर्शन कर रहे किसानों के साथ पुलिस बल और भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने बर्बरता की। भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने प्रदर्शन कर रहे किसानों को अपनी गाड़ियों के नीचे कुचल डाला। इसमें छह किसानों की मौत हो गई। इसके ख़िलाफ़ आज देश भर में किसानों और राजनीतिक दलों द्वारा प्रदर्शन किया जा रहा है।

You might also like

Leave A Reply

Your email address will not be published.