एकता और सौहार्द का सन्देश देना है भारत जोड़ो यात्रा का मक़सद, बोले राहुल गाँधी

राहुल ने कहा कि करीब चार महीने पहले कन्याकुमारी से शुरु की गई यह यात्रा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरऐसऐस) की नफ़रत वाली विचारधारा के ख़िलाफ़ है

राहुल गाँधी ने कहा है कि भारत जोड़ो यात्रा शुरु करने का मक़सद देश में एकता और सौहार्द का सन्देश देना है। राहुल ने कहा कि करीब चार महीने पहले कन्याकुमारी से शुरु की गई यह यात्रा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरऐसऐस) की नफ़रत वाली विचारधारा के ख़िलाफ़ है। राहुल गाँधी भारत जोड़ो यात्रा के बुधवार को हिमाचल प्रदेश पहुँचने पर बोल रहे थे।
राहुल गाँधी ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा के ज़रिये सरकार को बढ़ती महंगाई और बेरोज़गारी के प्रति आगाह भी किया जा रहा है। राहुल ने इल्ज़ाम लगाया कि केन्द्र सरकार अपनी सारी नीतियां कुछ उद्योगपति मित्रों को ख़ुश करने के लिए बना रही है। उन्होंने कहा कि चाहे नोटबन्दी हो या जीऐसटी, केन्द्र सरकार के फ़ैसले मज़दूर; ग़रीब और आम आदमी के हित में नहीं हैं।
राहुल गाँधी ने कहा कि सरकार हर मंच पर विपक्ष की आवाज़ को दबाने की कोशिश कर रही है। राहुल ने कहा कि विपक्ष के नेताओं को संसद में बोलने का मौक़ा नहीं दिया जाता।
भारत जोड़ो यात्रा बुधवार को हिमाचल प्रदेश के इन्दौरा विधानसभा क्षेत्र के मानसर से हिमाचल प्रदेश में प्रविष्ट हुई। यहाँ हिमाचल प्रदेश के मुख्यमन्त्री सुखविन्दर सिंह सूक्खू, उप-मुख्यमन्त्री मुकेश अग्निहोत्री, काँग्रेस की हिमाचल प्रदेश अध्यक्ष एवं साँसद प्रतिभा सिंह, मन्त्रिमण्डल के दूसरे सदस्यों और काँग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने राहुल गाँधी का स्वागत किया। हिमाचल प्रदेश के सीमावर्ती गाँव घटोटा में हिमाचल प्रदेश पहुँचने पर राहुल गाँधी की मौजूदगी में पंजाब काँग्रेस के अध्यक्ष राजा वड़िंग ने सुखविन्दर सिंह सुक्खू और प्रतिभा सिंह को तिरंगा झण्डा सौंपा।
भारत जोड़ो यात्रा काँगड़ा ज़िला के इन्दौरा क्षेत्र के मानसर टोल प्लाज़ा से मलोट गाँव तक करीब 24 किलोमीटर का फ़ासला तय कर, 19 जनवरी, 2023 को जम्मू-कश्मीर में प्रवेश करेगी और 30 जनवरी, 2023 को श्रीनगर में राष्ट्रीय ध्वजारोहण के साथ पूरी होगी।

You might also like

Leave A Reply

Your email address will not be published.