गोलीकाण्ड से सिद्ध हुआ कि भाजपा अलोकतान्त्रिक तरीक़े से चुनाव लड़ती है, बोले महारा

करण महारा ने आज कहा कि मंगलोर में हुआ गोलीकाण्ड उत्तराखण्ड के मुख्यमन्त्री पुष्कर धामी के शासन में प्रशासन की असफलता को दर्शाता है

उत्तराखण्ड प्रदेश काँग्रेस अध्यक्ष करण महारा ने बुधवार को कहा है कि उत्तराखण्ड में गोलीकाण्ड से सिद्ध हुआ कि भाजपा अलोकतान्त्रिक तरीक़े से चुनाव लड़ती है। करण महारा ने आज कहा कि मंगलोर में हुआ गोलीकाण्ड उत्तराखण्ड के मुख्यमन्त्री पुष्कर धामी के शासन में प्रशासन की असफलता को दर्शाता है।
करण महारा ने कहा कि आज मंगलोर विधानसभा के गाँव लिब्बरहेडी गोलीकाण्ड से सिद्ध हो गया कि भाजपा अलोकतान्त्रिक तरीक़े से चुनाव लड़ती है। महारा ने कहा कि उन्हें इसकी पहले से आशंका थी। उन्होंने कहा कि बाहरी राज्य से लाए हुए अपने प्रत्याशी करतार सिंह भड़ाना की हार को देखते हुए भाजपा पूरी तरह बौखला चुकी है और वह ऐसे हथकण्डे अपनाना चाहती है, जिनसे निष्पक्ष चुनाव प्रभावित हो सकें। करण महारा ने कहा कि वो लगातार प्रशासन को चेता रहे थे कि इन उप-चुनावों में बाहरी राज्यों से आए असामाजिक तत्त्वों द्वारा भाजपा के पक्ष में चुनावों को प्रभावित करने का कुत्सित प्रयास किया जा रहा है।
करण महारा ने कहा कि वोटिंग के दौरान पोलिंग बूथ पर गोली चलना, उत्तराखण्ड के मुख्यमन्त्री पुष्कर धामी के शासन में प्रशासन की असफलता को दर्शाता है। महारा ने कहा कि उत्तराखण्ड में सरकारी मशीनरी पूरी तरह फ़ेल हो चुकी है और साँवैधानिक संस्थाएं केवल एकतरफ़ा कार्रवाई कर रही हैं।

You might also like

Leave A Reply

Your email address will not be published.