सुखविन्दर सिंह सूक्खू ने कहा केन्द्रीय बजट 2023-24 को आँकड़ों का मायाजाल
सुखविन्दर सिंह सूक्खू ने कहा कि यह बजट निराशाजनक और आम जनता की आशाओं के विपरीत है
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमन्त्री सुखविन्दर सिंह सूक्खू ने बुधवार को केन्द्रीय वित्त मन्त्री निर्मला सीतारमण द्वारा संसद में पेश बजट 2023-24 को आँकड़ों का मायाजाल बताया है। सुखविन्दर सिंह सूक्खू ने कहा कि यह बजट निराशाजनक और आम जनता की आशाओं के विपरीत है।
सुखविन्दर सिंह सूक्खू ने कहा कि इस बजट में समाज के सभी वर्गों ख़ासकर मध्यम वर्ग, ग़रीब लोगों, युवाओं और किसानों के लिए कुछ भी नहीं है। सुखविन्दर सिंह ने कहा कि बजट में बढ़ती महंगाई और बेरोज़गारी को नियन्त्रित करने के लिए कुछ भी नहीं किया गया है और यह पूरी तरह निराशाजनक है।
सुखविन्दर सिंह सूक्खू ने कहा कि बजट में रोज़गार सृजन की दिशा में कोई भी प्रावधान नहीं है और शहरी रोज़गार का कहीं भी ज़िक्र नहीं है। सुखविन्दर सिंह ने कहा कि किसानों के लिए ऋण-सीमा में बढ़ौतरी के अलावा कुछ भी नहीं है जिससे किसानों पर सिर्फ़ ऋण की देनदारी का बोझ बढ़ेगा। सुखविन्दर ने कहा कि बजट में किसानों के लिए खेती के उपकरणों और खाद में उपदान की कोई घोषणा नहीं है। उन्होंने कहा कि मनरेगा में भी कोई अतिरिक्त प्रावधान नहीं किया गया है।