प्रियंका गाँधी ने की राष्ट्रीय आपदा घोषित करने और सेब बाग़वान नीतियां बदलने की माँग
प्रियंका गाँधी ने आज किया हिमाचल प्रदेश के कुल्लू और मण्डी ज़िलों के आपदा से प्रभावित कई क्षेत्रों का दौरा और ली लोगों से आपदा में हुए नुक़सान की जानकारी
काँग्रेस महासचिव प्रियंका गाँधी ने मंगलवार को केन्द्र सरकार से हिमाचल प्रदेश की आपदा को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने और सेब नीतियों में बदलाव करने की माँग की है। प्रियंका गाँधी ने आज हिमाचल प्रदेश के कुल्लू और मण्डी ज़िलों के आपदा से प्रभावित कई क्षेत्रों का दौरा किया और लोगों से आपदा में हुए नुक़सान की जानकारी ली।
प्रियंका गाँधी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार आपदा से निपटने के लिए अपने स्तर पर लोगों की लगातार मदद कर रही है, लेकिन अगर केन्द्र सरकार इस आपदा को राष्ट्रीय आपदा घोषित कर दे, तो हिमाचल प्रदेश को बहुत मदद मिल सकती है। प्रियंका ने कहा कि उनकी मोदी सरकार से अपील है कि वह सेब बाग़वानों के लिए भी नीतियों में बदलाव करे।