हिमाचल प्रदेश में सात मन्त्रियों को दिलाई पद और गोपनीयता की शपथ
शिमला ज़िला से तीन जबकि काँगड़ा, सोलन, सिरमौर और किन्नौर ज़िलों से एक-एक विधायक को दिलाई गई है मन्त्री पद की शपथ
हिमाचल प्रदेश में रविवार को सात मन्त्रियों ने पद और गोपनीयता की शपथ ली है। आज शिमला में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर ने इन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
शिमला ज़िला से तीन जबकि काँगड़ा, सोलन, सिरमौर और किन्नौर ज़िलों से एक-एक विधायक को मन्त्री बनाया गया है। मन्त्री पद की शपथ लेने वालों में सोलन विधानसभा क्षेत्र से धनी राम शाण्डिल, काँगड़ा ज़िला के जवाली विधानसभा क्षेत्र से चन्द्र कुमार, सिरमौर ज़िला के शिलाई विधानसभा क्षेत्र से हर्षवर्धन चौहान, किन्नौर विधानसभा क्षेत्र से जगत सिंह नेगी हैं। इनके अलावा जुब्बल-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र से रोहित ठाकुर, कुसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र से अनिरुद्ध सिंह और शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र से विक्रमादित्य सिंह को मन्त्री बनाया गया है।
इस मौक़े पर मुख्यमन्त्री सुखविन्दर सिंह सुक्खू, उप-मुख्यमन्त्री मुकेश अग्निहोत्री, विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, हिमाचल प्रदेश काँग्रेस कमिटी (एचपीसीसी) अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और दूसरे लोग भी मौजूद थे।