जय राम ठाकुर ने की कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर को केन्द्रीय विश्वविद्यालय बनाने की माँग

केन्द्रीय कृषि मन्त्री नरेन्द्र सिंह तोमर को लिखे पत्र में हिमाचल प्रदेश के मुख्यमन्त्री ने कहा है कि इससे पूरे उत्तरी-पश्चिमी हिमालय क्षेत्र को मिल सकता है लाभ

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमन्त्री जय राम ठाकुर ने केन्द्र सरकार से चौधरी सरवण कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय, पालमपुर को केन्द्रीय विश्वविद्यालय बनाने की माँग की है। इस सन्दर्भ में केन्द्रीय कृषि मन्त्री नरेन्द्र सिंह तोमर को लिखे पत्र में मुख्यमन्त्री ने कहा है कि इससे पूरे उत्तरी-पश्चिमी हिमालय क्षेत्र को लाभ मिल सकता है।
मुख्यमन्त्री ने कहा कि वर्ष 1993 में मणिपुर के इम्फाल में केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय स्थापित किया गया था और उत्तरी-पश्चिमी हिमालय क्षेत्र के छह राज्यों के महाविद्यालयों को इसके साथ जोड़ा गया था। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में केन्द्र सरकार ने बिहार के पूसा में एक और केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय खोलने की योजना बनाई। मुख्यमन्त्री ने कहा कि उत्तरी-पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में 3.1 करोड़ की जनसंख्या है और कुल 3,31,993 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र के अन्तर्गत केन्द्र शासित प्रदेश जम्मू व कश्मीर एवं लद्दाख और राज्य हिमाचल प्रदेश एवं उत्तराखण्ड फैले हैं। उन्होंने कहा कि यह पूरा क्षेत्र जैव-विविधता में समृद्ध है और इसमें खनिज, पानी एवं वन की प्रचुरता होने के कारण यह क्षेत्र विभिन्न फ़सलों के उत्पादन के लिए उपयुक्त है। मुख्यमन्त्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश इस क्षेत्र का प्रमुख राज्य है और यहाँ से सतलुज, रावी, व्यास, चिनाब और यमुना नदियां बहती हैं। राज्य में कृषि व सम्बद्ध क्षेत्रों में बहुत क्षमता है और यदि यहाँ केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय की स्थापना होती है तो जहाँ शोध एवं अनुसन्धान कार्य को गति मिलेगी वहीं समूचे उत्तरी-पश्चिमी हिमालय क्षेत्र के लोग ख़ुशहाल बनेंगे।

You might also like

Leave A Reply

Your email address will not be published.