भारतीय ओलिम्पिक संघ ने किया भारतीय कुश्ती संघ के सभी पदाधिकारियों को अमान्य घोषित
आईओए के इस क़दम के बाद लग गई है डब्ल्यूऐफ़आई के सभी पदाधिकारियों के प्रशासनिक और आर्थिक कार्य पर रोक
भारतीय ओलिम्पिक संघ (आईओए) ने शनिवार को भारतीय कुश्ती संघ (डब्ल्यूऐफ़आई) के सभी पदाधिकारियों को अमान्य घोषित कर दिया है। आईओए के इस क़दम के बाद आज से डब्ल्यूऐफ़आई के सभी पदाधिकारियों के प्रशासनिक और आर्थिक कार्य पर रोक लग गई है। आईओए ने यह क़दम खेल मन्त्रालय की ओर से उसकी अस्थाई समिति को डब्ल्यूऐफ़आई के चुनाव रद्द कर, डब्ल्यूऐफ़आई के चुनाव कराने और उसके संचालन का ज़िम्मा सौंपे जाने के बाद उठाया है।
आईओए के संयुक्त सचिव कल्याण चौबे ने डब्ल्यूऐफ़आई को आदेश जारी कर, उसे अमान्य घोषित करके उसके सभी पदाधिकारियों के प्रशासनिक और आर्थिक कार्य पर रोक लगा दी। आईओए ने डब्ल्यूऐफ़आई को फ़ौरन सभी दस्तावेज़, अकॉउण्ट और विदेशी टूर्नामैण्ट के लिए भेजी जाने वाली ऐण्ट्री का लॉगिन, वैबसाइट संचालन उसे सौंपने के लिए कहा है।
भारतीय कुश्ती संघ (डब्ल्यूऐफ़आई) के अध्यक्ष और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) साँसद बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ़्तारी की माँग को लेकर जन्तर-मन्तर पर पहलवानों का धरना आज 21वें दिन में प्रवेश कर गया है।