काँग्रेस की 6,713 किलोमीटर लम्बी यात्रा का नाम होगा भारत जोड़ो न्याय यात्रा
भारत जोड़ो न्याय यात्रा गुज़रेगी 67 दिनों के दौरान 110 ज़िलों, 100 लोकसभा क्षेत्रों और 337 विधानसभा क्षेत्रों से
काँग्रेस की 6,713 किलोमीटर से ज़्यादा लम्बी यात्रा का नाम भारत जोड़ो न्याय यात्रा होगा। भारत जोड़ो न्याय यात्रा 67 दिनों के दौरान 110 ज़िलों, 100 लोकसभा क्षेत्रों और 337 विधानसभा क्षेत्रों से गुज़रेगी। काँग्रेस नेता जयराम रमेश ने वीरवार को यह जानकारी एक संवाददाता सम्मेलन में दी।
काँग्रेस नेता जयराम रमेश ने आज कहा कि आज यह फ़ैसला दिल्ली स्थित काँग्रेस मुख्यालय में लिया गया। जयराम रमेश ने कहा कि इस बैठक में काँग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गाँधी समेत काँग्रेस महासचिव, प्रदेश प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष और काँग्रेस संसदीय दल के नेताओं सहित काँग्रेस के वरिष्ठ नेता मौजूद थे। जयराम ने कहा कि आज की बैठक में काँग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और सभी नेताओं की सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस यात्रा का नाम भारत जोड़ो न्याय यात्रा होगा।
जयराम रमेश ने कहा कि राहुल गाँधी के नेतृत्व में कन्याकुमारी से कश्मीर तक 4,000 किलोमीटर से ज़्यादा लम्बी भारत जोड़ो यात्रा निकाली गई थी। जयराम ने कहा कि यह यात्रा पार्टी और देश के इतिहास में मील का पत्थर साबित हुई। उन्होंने कि भारत जोड़ो यात्रा ने पूरे देश का माहौल बदल दिया और काँग्रेस के कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भर दी।
जयराम रमेश ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा ने देश भर में जो सन्देश दिया, उसे भारत जोड़ो न्याय यात्रा की मदद से आगे बढ़ाएंगे। जयराम ने कहा कि राहुल गाँधी इस यात्रा के दौरान सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय पर अपने विचार जनता के सामने रखेंगे।