शिमला स्थित रिज मैदान पर किया गया राज्य स्तरीय स्वर्ण जयन्ती समारोह का आयोजन

इसके साथ ही प्रदेश के सभी ज़िला मुख्यालयों पर भी इस अवसर पर आयोजित किए गए कार्यक्रम

हिमाचल प्रदेश के पूर्ण राज्यत्व के 50 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शिमला स्थित रिज मैदान पर राज्य स्तरीय स्वर्ण जयन्ती समारोह का आयोजन किया गया। इसके साथ ही प्रदेश के सभी ज़िला मुख्यालयों पर भी इस अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए।

राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश के राज्यपाल बण्डारू दत्तात्रेय मुख्य अतिथि जबकि मुख्यमन्त्री जय राम ठाकुर विशेष अतिथि थे। इस कार्यक्रम में केन्द्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट मामले राज्य मन्त्री अनुराग ठाकुर और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा भी शामिल हुए।

इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि इस छोटे पहाड़ी राज्य ने 50 वर्षों की यात्रा में उल्लेखनीय विकास किया है। उन्होंने कहा कि समर्पित नेतृत्व, मज़बूत इच्छाशक्ति और प्रदेश के लोगों की कड़ी मेहनत से विकास के कई आयाम स्थापित हुए हैं। राज्यपाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को देवभूमि और वीरभूमि के नाम से भी जाना जाता है।

मुख्यमन्त्री ने पूर्व मुख्यमन्त्रियों के योगदान की सराहना की जिन्होंने इस पहाड़ी राज्य की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और विभिन्न चुनौतियों के बावजूद प्रदेश को भारत सरकार और विभिन्न ऐजैन्सियों द्वारा निर्धारित विभिन्न मानकों के अनुरूप देश का अग्रणी राज्य बनाने में सफलता हासिल की। उन्होंने कहा कि प्रदेश ने अब तक जो कुछ भी हासिल किया है वह यहाँ के ईमानदार और मेहनती लोगों के कारण हो सका है।

केन्द्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट मामले राज्य मन्त्री अनुराग ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश को पूर्ण राज्यत्व का दर्जा प्रदान करने के लिए पूर्व प्रधानमन्त्री इन्दिरा गाँधी का आभार व्यक्त किया। उन्होंन वाई. ऐस. परमार के योगदान को भी याद किया।

इस अवसर पर जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की विकास-यात्रा अत्यन्त कठिन रही, लेकिन समय-समय पर मिले मज़बूत नेतृत्व एवं प्रदेश के मेहनती लोगों ने चुनौतियों को अवसरों में बदला और विभिन्न क्षेत्रों में तेज़ी से विकास किया। नड्डा ने कहा कि प्रदेश के प्रथम मुख्यमन्त्री वाई. ऐस. परमार का राज्य के विकास में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही पूर्व मुख्यमन्त्री वीरभद्र सिंह, शान्ता कुमार, राम लाल ठाकुर और प्रेम कुमार धूमल ने भी अपने योगदान से प्रदेश के लिए तरक्की और समृद्धि का मार्ग सुनिश्चित किया।

You might also like

Leave A Reply

Your email address will not be published.