हिमाचल प्रदेश के मुख्यमन्त्री ने बल्क ड्रग फार्मा पार्क के लिए माँगा सहयोग
मुख्यमन्त्री ने कहा कि राज्य में उद्योगों के विकास के लिए है अनुकूल माहौल
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमन्त्री जयराम ठाकुर ने नई दिल्ली में केन्द्रीय रसायन और उर्वरक राज्य मन्त्री मनसुख ऐल. मण्डाविया से राज्य में बल्क ड्रग फार्मा पार्क स्थापित करने के लिए सहयोग माँगा है। मुख्यमन्त्री ने कहा कि राज्य में उद्योगों के विकास के लिए अनुकूल माहौल है। उन्होंने परियोजना के लिए चयनित होने वाले तीन राज्यों में से प्रदेश के दावे पर विचार करने का आग्रह किया।
मुख्यमन्त्री ने कहा कि राज्य में अनेक जल निकाय हैं जिन्हें आन्तरिक रूप से जोड़ा जा सकता है। उन्होंने पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए जल यान (वॉटर प्लेन) सुविधा आरम्भ करने की सम्भावनाओं का पता लगाने का भी आग्रह किया।
मनसुख ऐल. मण्डाविया ने मुख्यमन्त्री के इस आग्रह को सैद्धान्तिक रूप से स्वीकार करते हुए इस सम्बन्ध में प्रस्ताव प्रस्तुत करने को कहा। इस अवसर पर मुख्यमन्त्री के साथ प्रधान निजी सचिव आर. ऐन. बत्ता और उप आवासीय आयुक्त विवेक महाजन भी उपस्थित थे।