हम अन्याय के ख़िलाफ़ लड़ते रहेंगे, शुरु हुई काँग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा
भारत जोड़ो न्याय यात्रा पहुँचेगी 15 राज्यों से 6,700 किलोमीटर का सफ़र तय करते हुए मुम्बई
राहुल गाँधी ने रविवार को कहा है कि हम अन्याय के ख़िलाफ़ लड़ते रहेंगे, आगे बढ़ते रहेंगे। राहुल गाँधी के नेतृत्व में आज मणिपुर के थौबल से काँग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा शुरु हो गई है। भारत जोड़ो न्याय यात्रा 15 राज्यों से 6,700 किलोमीटर का सफ़र तय करते हुए मुम्बई पहुँचेगी।
राहुल गाँधी ने भारत जोड़ो न्याय यात्रा की शुरुआत के दौरान एक रैली को सम्बोधित करते हुए कहा कि शायद प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदी के लिए, भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के लिए और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरऐसऐस) के लिए मणिपुर देश का भाग ही नहीं है। राहुल ने कहा कि आपका जो दुःख है, आपका जो दर्द है वो उनका दुःख, उनका दर्द नहीं है। उन्होंने कहा कि मणिपुर में हिंसा भड़के आठ महीने हो गए हैं। राहुल गाँधी ने कहा कि प्रधानमन्त्री यहाँ क्यों नहीं आए। राहुल ने कहा कि वो अपनी चुप्पी क्यों नहीं तोड़ते। उन्होंने कहा कि आख़िर, क्यों उन्होंने यहाँ के साँसदों से मुलाक़ात नहीं की, यहाँ के मुख्यमन्त्री से मुलाक़ात नहीं की, यहाँ के राजनीतिक दलों से मुलाक़ात नहीं की, विधायकों से नहीं मिले। राहुल गाँधी ने कहा कि प्रधानमन्त्री मणिपुर क्यों नहीं आते हैं।
राहुल गाँधी ने कहा कि मणिपुर के लोगों के साथ जो अन्याय हुआ है, उसके ख़िलाफ़ पूरी काँग्रेस पार्टी और पूरा देश उनके साथ है। राहुल ने कहा कि हम मिलकर उनका दुःख-दर्द बाँटेंगे और न्याय दिलाएंगे।