खड़गे ने दिलाए मोदी को उनके वादे याद और लगाया उन पर झूठ बोलने का आरोप
मल्लिकार्जुन खड़गे ने आज कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के झूठ का हर भारतीय को पता है
काँग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने रविवार को प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदी को जनता से किए उनके वादे याद दिलाए हैं और उन पर झूठ बोलने का आरोप लगाया है। मल्लिकार्जुन खड़गे ने आज कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के झूठ का हर भारतीय को पता है।
मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदी को सम्बोधित करते हुए कहा कि 2023 का आज आख़िरी दिन है। खड़गे ने कहा कि आपने कहा था कि 2022 तक हर किसान की आमदनी दुगुनी होगी। उन्होंने कहा कि आपने कहा था कि हर हिन्दुस्तानी के पास घर होगा और उसमें 24 घण्टे बिजली मिलेगी। मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि आपने कहा था कि देश की अर्थव्यवस्था पाँच ट्रिलियन की हो जाएगी। खड़गे ने कहा कि यह सब तो नहीं हुआ, पर हर भारतीय को पता है कि भाजपा के झूठ सबसे मज़बूत हैं।