जल उपकर से पंजाब और हरियाणा को कोई नुक़सान नहीं होगा, बोले सुखविन्दर सिंह सुक्खू

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमन्त्री सुखविन्दर सिंह सुक्खू ने बुधवार को पंजाब के मुख्यमन्त्री भगवन्त मान के साथ एक संयुक्त पत्रकार वार्ता में कही यह बात

हिमाचल प्रदेश द्वारा लगाए गए जल उपकर से पंजाब और हरियाणा को कोई नुक़सान नहीं होगा। यह बात हिमाचल प्रदेश के मुख्यमन्त्री सुखविन्दर सिंह सुक्खू ने बुधवार को पंजाब के मुख्यमन्त्री भगवन्त मान के साथ एक संयुक्त पत्रकार वार्ता में कही।
सुखविन्दर सिंह सुक्खू ने आज चण्डीगढ़ में पंजाब के मुख्यमन्त्री भगवन्त मान के साथ एक बैठक की। इस बैठक में कई द्विपक्षीय मामलों पर लम्बी चर्चा की गई।
सुखविन्दर सिंह सुक्खू ने कहा कि इस बैठक में हिमाचल में जलविद्युत परियोजनाओं पर वॉटर सैस समेत भाखड़ा ब्यास प्रबन्धन बोर्ड (बीबीऐमबी) और शानन जलविद्युत परियोजना और पर्यटन की विभिन्न परियोजनाओं पर विचार-विमर्श किया गया। सुखविन्दर सिंह ने कहा कि इस बैठक में जल उपकर के बारे भ्रान्तियों का निवारण किया गया। सुखविन्दर ने साफ़ किया कि हिमाचल प्रदेश द्वारा लगाया जाने वाला जल उपकर, जल पर नहीं बल्कि प्रदेश में चल रहीं जलविद्युत परियोजनाओं पर लगाया जाएगा।
सुखविन्दर सिंह सुक्खू ने कहा कि जल उपकर समेत विभिन्न जलविद्युत परियोजनाओं के बारे समुचित विचार-विमर्श के लिए हिमाचल प्रदेश के मुख्य सचिव एवं ऊर्जा सचिव और पंजाब के समकक्ष अधिकारियों की एक समिति गठित की जाएगी। सुखविन्दर सिंह ने कहा कि यह समिति विभिन्न विषयों पर बातचीत कर, मामलों का निपटारा करेगी। सुखविन्दर ने कहा कि यह समिति भाखड़ा ब्यास प्रबन्धन बोर्ड की परियोजनाओं पर भी चर्चा करेगी।

You might also like

Leave A Reply

Your email address will not be published.