काँग्रेस ने द्रौपदी मुर्मू और भाजपा पर लगाया विधायकों को रिश्वत देने का इल्ज़ाम
काँग्रेस ने द्रौपदी मुर्मू और दूसरों के ख़िलाफ़ करवाई है चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज
काँग्रेस ने 18 जुलाई को देश में हुए राष्ट्रपति चुनावों में राष्ट्रीय जनतान्त्रिक गठबन्धन (ऐनडीए) उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर विधायकों को रिश्वत देने का इल्ज़ाम लगाया है। काँग्रेस ने द्रौपदी मुर्मू और दूसरों के ख़िलाफ़ चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज करवाई है।
काँग्रेस ने शिकायत में कहा है कि कर्नाटक में सत्तारूढ़ भाजपा ने 17 और 18 जुलाई को राष्ट्रपति चुनावों के लिए मतदाताओं को रिश्वत और दूसरे प्रलोभन देते हुए अपने हक़ में मत लेने की कोशिश की। काँग्रेस विधायक दल के नेता सिद्धारमैया और कर्नाटक के प्रदेश काँग्रेस अध्यक्ष डी. के. शिवकुमार ने कहा कि मतदान करने वाले विधायकों को एक फ़ाइव स्टार होटल में लग्जरी रिहाइश मुहैया करवाई गई थी।