हिमाचल के मुख्यमन्त्री ने चण्डीगढ़ विश्वविद्यालय के दीक्षान्त समारोह में लिया भाग

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमन्त्री जय राम ठाकुर ने मोहाली में चण्डीगढ़ विश्वविद्यालय के दीक्षान्त समारोह में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शिक्षा एक ऐसा घटक है जिसके कारण लोकाचार के निर्माण के साथ-साथ राष्ट्रीय विकास और सुरक्षा के लिए राजनीतिक, आर्थिक, सामाजिक व सांस्कृतिक संस्थान तैयार होते हैं।
मुख्यमन्त्री ने यह भी कहा कि राष्ट्र-निर्माण के लिए शिक्षा में वैश्विक मानवता, वैज्ञानिक उत्सुकता, ज्ञान, अध्यात्म आदि का समावेश ज़रूरी है। उन्होंने कहा कि हमारे देश ने अधोसंरचना, आर्थिक विकास, विज्ञान, प्रौद्योगिकी और शिक्षा के क्षेत्रों में बहुत उपलब्धियां हासिल की हैं। इस गति को कायम रखने के लिए यह ज़रूरी है कि शिक्षा की सुदृढ़ प्रणाली समान रूप से कार्य करे ताकि उच्च योग्यता-प्राप्त, प्रतिभावान और प्रतिबद्ध श्रम-शक्ति तैयार की जा सके। मुख्यमन्त्री ने कहा कि राष्ट्र-निर्माण के लिए यह ज़रूरी है कि शिक्षा आर्थिक, लोकतान्त्रिक और आध्यात्मिक वास्तविकताओं की पूर्ति करे।