भाई को भाई से लड़वाकर विकास नहीं हो सकता – राहुल गाँधी

काँग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गाँधी ने छत्तीसगढ़ के रायपुर में राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव के अवसर पर केन्द्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा है कि भाई को भाई से लड़वाकर विकास नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि देश तोड़कर नहीं, जोड़कर बनता है।
राहुल ने कहा कि हर धर्म व हर जाति के लोगों और आदिवासियों, दलितों व पिछड़ों को साथ लिए बिना भारत की अर्थव्यवस्था नहीं चलाई जा सकती। उन्होंने कहा कि जब तक सबको जोड़ा नहीं जाता, सबकी आवाज़ विधानसभा और लोकसभा में सुनाई नहीं देती तब तक रोज़गार और अर्थव्यवस्था के सुधार के लिए कुछ नहीं किया जा सकता है।
राहुल ने नागरिकता संशोधन क़ानून (ऐनआरसी) और राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर (ऐनपीआर) पर निशाना साधते हुए कहा कि ये नागरिकता का टैक्स हैं। उन्होंने कहा कि नोटबन्दी ग़रीबों पर टैक्स था और ऐनआरसी और ऐनपीआर पूरी तरह ग़रीबों पर आक्रमण है। राहुल ने कहा कि नोटबन्दी की तरह फिर से लोगों को लाइन में लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस तरह देश का समय बर्बाद किया जा रहा है। राहुल ने कहा कि अर्थव्यवस्था की बुरी स्थिति से ध्यान हटाने के लिए केन्द्र सरकार नागरिकता संशोधन क़ानून लेकर आई है जिसके चलते आज दुनिया भारत में हिंसा देख रही है।
राहुल ने यह भी कहा कि महिलाएं सड़कों पर सुरक्षित महसूस नहीं कर रही हैं और बेरोज़गारी बढ़ रही है।