सुखविन्दर सिंह ने ली हिमाचल प्रदेश के 15वें मुख्यमन्त्री के तौर पर शपथ

सुखविन्दर के साथ ही मुकेश अग्निहोत्री ने ली उप-मुख्यमन्त्री पद की शपथ

सुखविन्दर सिंह ने रविवार को हिमाचल प्रदेश के मुख्यमन्त्री पद की शपथ ली है। सुखविन्दर सिंह राज्य के 15वें मुख्यमन्त्री बने। सुखविन्दर के साथ ही मुकेश अग्निहोत्री ने उप-मुख्यमन्त्री पद की शपथ ली। सुखविन्दर सिंह और मुकेश अग्निहोत्री को हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर ने शिमला के रिज मैदान पर आयोजित एक समारोह में पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण समारोह में काँग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, काँग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गाँधी, प्रियंका गाँधी, मुकुल वासनिक, रणदीप सुरजेवाला, जितेन्द्र बिट्टू एवं सचिन पायलट, छत्तीसगढ़ के मुख्यमन्त्री भूपेश बघेल, राजस्थान के मुख्यमन्त्री अशोक गहलोत, हिमाचल प्रदेश काँग्रेस के प्रभारी राजीव शुक्ला, हरियाणा के पूर्व मुख्यमन्त्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा, पूर्व केन्द्रीय मन्त्री पवन बंसल एवं आनन्द शर्मा और हिमाचल प्रदेश काँग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह भी मौजूद थे। इस मौक़े पर सुखविन्दर सिंह और मुकेश अग्निहोत्री के परिजन, विधायक, काँग्रेस के दूसरे वरिष्ठ नेता, वरिष्ठ अधिकारी और हिमाचल प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से भारी संख्या में आए लोग भी मौजूद थे।
याद रहे कि हाल ही में हुए हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनावों में काँग्रेस को बहुमत मिला है। काँग्रेस ने 68 सदस्यीय विधानसभा में 40 सीटें जीतीं।

You might also like

Leave A Reply

Your email address will not be published.