चिकित्सा महाविद्यालयों में शीघ्र क्रियाशील किए जाएंगे लिक्विड ऑक्सिजन प्लाण्ट

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमन्त्री जय राम ठाकुर ने प्रदेश में कोविड की स्थिति की समीक्षा के लिए प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही यह बात

हिमाचल प्रदेश के चिकित्सा महाविद्यालयों में लिक्विड ऑक्सिजन प्लाण्ट शीघ्र क्रियाशील किए जाएंगे। यह बात हिमाचल प्रदेश के मुख्यमन्त्री जय राम ठाकुर ने प्रदेश में कोविड की स्थिति की समीक्षा के लिए प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही। जय राम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के तीन प्रमुख चिकित्सा महाविद्यालयों आईजीऐमसी शिमला, डॉ. आरपीऐमसी टाण्डा और चिकित्सा महाविद्यालय नेरचौक में लिक्विड ऑक्सिजन प्लाण्ट शीघ्र क्रियाशील किए जाएंगे ताकि कोविड-19 रोगियों को 24 घण्टे ऑक्सिजन की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।
जय राम ठाकुर ने कहा कि किसी विपरीत परिस्थिति का सामना करने के लिए प्रदेश में कोविड रोगियों के लिए लगभग 1,500 अतिरिक्त बिस्तरों की व्यवस्था की जाएगी। जय राम ने कहा कि ज़ुकाम जैसे लक्षण आने पर लोगों को स्वेच्छा से अपनी जाँच करवाने के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि बाहरी राज्यों से प्रदेश में आने वाले लोगों को कम से कम एक सप्ताह तक स्वयं को होम आइसोलेशन में रखना चाहिए ताकि संक्रमित होने की स्थिति में उनसे वायरस फैलने को रोका जा सके। जय राम ठाकुर ने बाहर से हिमाचल आने वाले लोगों से आग्रह किया कि अपने विषय में पंचायती राज संस्थाओं, शहरी स्थानीय निकायों के निर्वाचित प्रतिनिधियों और स्वास्थ्य-कार्यकर्ताओं को जानकारी प्रदान करें ताकि आवश्यकता होने पर उन्हें चिकित्सीय सहायता की सलाह दी जा सके।
जय राम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार होम आइसोलेशन में कोविड रोगियों को हैल्थ किट प्रदान करेगी। जय राम ने कहा कि होम आइसोलेशन के तहत मरीज़ों का उचित उपचार सुनिश्चित किया जाना चाहिए और वरिष्ठ चिकित्सकों को स्वास्थ्य-मापदण्डों की नियमित निगरानी के लिए इन मरीज़ों से निरन्तर सम्पर्क बनाए रखना चाहिए।

You might also like

Leave A Reply

Your email address will not be published.