हिमाचल प्रदेश में सात नए मन्त्रियों के विभागों का आवण्टन कर दिया गया है। इन मन्त्रियों की शपथ हाल ही में हुई थी। अब हिमाचल प्रदेश के मुख्यमन्त्री सुखविन्दर सिंह सूक्खू और उप-मुख्यमन्त्री मुकेश अग्निहोत्री समेत शपथ लेने वाले सभी मन्त्रियों को उनके विभाग दे दिए गए हैं।
सुखविन्दर सिंह सूक्खू वित्त, समान्य प्रशासन, गृह, योजना, पर्सनल और वो सभी विभाग देखेंगे जो किसी भी मन्त्री को नहीं दिए गए हैं। मुकेश अग्निहोत्री जल शक्ति विभाग, परिवहन और भाषा एवं संस्कृति विभाग का काम देखेंगे।
धनीराम शाण्डिल स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मन्त्री होंगे। इसके अलावा धनीराम सामाजिक न्याय एवं सशक्तीकरण और श्रम एवं रोज़गार विभाग का काम भी देखेंगे। चन्द्रकुमार को कृषि मन्त्री बनाया गया है। इसके अलावा चन्द्रकुमार पशुपालन विभाग का काम भी देखेंगे। हर्षवर्धन चौहान उद्योग मन्त्री होंगे। इसके अलावा हर्षवर्धन संसदीय मामले और आयुष विभाग भी देखेंगे। जगत सिंह नेगी राजस्व मन्त्री होंगे। इसके अलावा जगत सिंह बाग़वानी और जनजातीय विकास विभाग का काम भी देखेंगे।
रोहित ठाकुर शिक्षा मन्त्री, अनिरुद्ध सिंह ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मन्त्री और विक्रमादित्य सिंह लोक निर्माण मन्त्री होंगे। विक्रमादित्य युवा सेवाएं और खेल विभाग का काम भी देखेंगे।