नगर निगम शिमला कार्यालय का घेराव करेगी शिमला नागरिक सभा

नागरिक सभा के अध्यक्ष विजेन्द्र मेहरा, उपाध्यक्ष बलबीर पराशर और सचिव कपिल शर्मा ने कहा है कि नागरिक सभा द्वारा कूड़े व पानी के बिलों के मुद्दे पर किया जाएगा निर्णायक संघर्ष

शिमला नागरिक सभा 22 सितम्बर को 11:00 बजे नगर निगम शिमला कार्यालय का घेराव करेगी। नागरिक सभा के अध्यक्ष विजेन्द्र मेहरा, उपाध्यक्ष बलबीर पराशर और सचिव कपिल शर्मा ने कहा है कि नागरिक सभा द्वारा कूड़े व पानी के बिलों के मुद्दे पर निर्णायक संघर्ष किया जाएगा।
नागरिक सभा ने मार्च से अगस्त, 2020 तक और इससे पहले के कूड़े व पानी के बिलों को पूरी तरह माफ़ करने की माँग की है। नागरिक सभा ने शिमला शहर की जनता से भी अपील की है कि मार्च से लेकर अगस्त तक और उससे पहले के बकाया बिलों का भुगतान न किया जाए। नागरिक सभा ने कहा कि जनता पर हज़ारों रुपये के भारी बिलों को जमा करने के लिए बनाए जा रहे दबाव को कतई मंज़ूर नहीं किया जाएगा।
नागरिक सभा ने कहा कि मार्च से अगस्त तक छह महीनों में कोरोना महामारी के कारण शिमला शहर के सत्तर प्रतिशत लोगों का रोज़गार बुरी तरह प्रभावित हुआ है। नागरिक सभा ने कहा कि शिमला शहर में होटल व पर्यटन व्यवसाय ठप्प हो गया है जिसके कारण लगभग पाँच हज़ार मज़दूरों की नौकरी चली गई है। नागरिक सभा ने हिमाचल प्रदेश सरकार और नगर निगम पर आरोप लगाया कि ऐसी विकट परिस्थिति में जनता को आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने की बजाय हज़ारों रुपये के बिल थमा दिए गए हैं जिससे कारोबारियों और व्यापारियों समेत सभी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

Comments (0)
Add Comment