मैं नरेन्द्र मोदी से नहीं डरता, हमेशा देशहित में काम करता रहूँगा, बोले राहुल गाँधी

राहुल गाँधी ने कहा कि मेरा काम है देश की रक्षा करना, लोकतन्त्र की रक्षा करना, देश में सद्भाव को बरकरार रखना, वह मैं करता रहूँगा, सुन लो और समझ लो

काँग्रेस नेता राहुल गाँधी ने वीरवार को कहा है कि मैं नरेन्द्र मोदी से नहीं डरता, कर लें जो करना है, कुछ फ़र्क नहीं पड़ता, मैं हमेशा देशहित में काम करता रहूँगा। राहुल गाँधी ने कहा कि सच्चाई को बैरिकेड नहीं किया जा सकता। राहुल ने कहा कि मेरा काम है देश की रक्षा करना, लोकतन्त्र की रक्षा करना, देश में सद्भाव को बरकरार रखना, वह मैं करता रहूँगा, सुन लो और समझ लो। राहुल ने यह बात प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा नैशनल हैराल्ड अख़बार के परिसर में यंग इण्डियन के दफ़्तर को सील करने के बाद कही है।
ईडी की कार्रवाई पर राहुल गाँधी ने कहा कि वो जो चाहें कर लें, मैं डरता नहीं। राहुल ने कहा कि मैं देश और लोकतन्त्र की रक्षा और सद्भाव कायम रखने के लिए काम करता आया हूँ और आगे भी करूँगा।
इससे पहले राहुल गाँधी ने कहा कि यह धमकाने की कोशिश है। राहुल ने कहा कि ये सोचते हैं कि थोड़ा-सा दबाव डालकर हमें चुप करा देंगे, लेकिन हम चुप होने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी और अमित शाह इस देश में लोकतन्त्र के ख़िलाफ़ जो कर रहे हैं हम उसके ख़िलाफ़ खड़े रहेंगे, चाहे ये कुछ भी कर लें, हमें कोई फ़र्क नहीं पड़ता।

Comments (0)
Add Comment