देश में हर घण्टे दो नौजवान और एक किसान आत्महत्या कर रहा है, बोले पवन खेड़ा

पवन खेड़ा आज बोल रहे थे दिल्ली स्थित काँग्रेस मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में

काँग्रेस नेता पवन खेड़ा ने रविवार को कहा है कि देश में हर घण्टे दो नौजवान और एक किसान आत्महत्या कर रहा है। पवन खेड़ा आज दिल्ली स्थित काँग्रेस मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में बोल रहे थे।
पवन खेड़ा ने कहा कि आज देश के नौजवानों और किसानों की यह स्थिति है कि देश में हर घण्टे दो नौजवान और एक किसान आत्महत्या कर रहा है। खेड़ा ने कहा कि इसराइल में हिंसा जारी है, लेकिन 10 हज़ार पदों पर भर्ती के लिए उत्तर प्रदेश और हरियाणा के कई नौजवान इसराइल जाना चाह रहे हैं। उन्होंने कहा कि अभी उत्तर प्रदेश पुलिस की 60 हज़ार भर्तियां निकली हैं, जिसके लिए 51 लाख आवेदन आए हैं। पवन खेड़ा ने कहा कि मोदी सरकार सीमा पर जाने वाले फ़ौजियों को सिर्फ़ चार साल की नौकरी दे रही है।
पवन खेड़ा ने कहा कि बीजेपी सरकार बड़े घमण्ड से कहती है कि हम 80 करोड़ लोगों को मुफ़्त राशन दे रहे हैं। खेड़ा ने कहा कि यह किसी भी सरकार के लिए बेहद शर्म की बात है कि 80 करोड़ लोग मुफ़्त के राशन पर निर्भर हैं।
पवन खेड़ा ने कहा कि बीजेपी इसे अमृतकाल कहती है, लेकिन काँग्रेस पार्टी इसे अन्याय काल कहती है। खेड़ा ने कहा कि यह सरकार का रिपोर्ट कार्ड दिखाता है।

Comments (0)
Add Comment