देवेन्द्र कुमार शर्मा ने ली हिमाचल प्रदेश विद्युत नियामक आयोग के अध्यक्ष-पद की शपथ

मुख्य सचिव अनिल खाची ने प्रदेश के मुख्यमन्त्री जय राम ठाकुर की उपस्थिति में दिलाई उन्हें पद, गोपनीयता और भारतीय संविधान के प्रति कर्तव्यनिष्ठा की शपथ

देवेन्द्र कुमार शर्मा ने हिमाचल प्रदेश विद्युत नियामक आयोग के अध्यक्ष-पद की शपथ ली है। मुख्य सचिव अनिल खाची ने प्रदेश के मुख्यमन्त्री जय राम ठाकुर की उपस्थिति में उन्हें पद, गोपनीयता और भारतीय संविधान के प्रति कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई।
देवेन्द्र कुमार को भारत और विदेश के ऊर्जा एवं जल संसाधन क्षेत्रों में लगभग 39 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने भारत सरकार के ऊर्जा मन्त्रालय के भाखड़ा ब्यास प्रबन्धन बोर्ड के अध्यक्ष के रूप में अप्रैल, 2017 से जुलाई, 2020 तक अपनी सेवाएं दी हैं। उन्होंने उत्तरी राज्यों पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और केन्द्र-शासित प्रदेश चण्डीगढ़ के लिए भाखड़ा ब्यास प्रबन्धन बोर्ड से बिजली की आपूर्ति और सिंचाई एवं पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित बनाने में भी भूमिका निभाई है।
देवेन्द्र कुमार सितम्बर, 2012 से अप्रैल, 2017 तक हिमाचल ऊर्जा निगम लिमिटेड के महाप्रबन्धक के पद पर भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उन्हें भारत में कॉरपोरेट क्षेत्र के साथ-साथ भूटान की टाला हाइड्रो इलैक्ट्रिक प्रोजैक्ट अथॉरिटी में भी कार्य करने का अनुभव है। इसके अतिरिक्त उन्होंने सतलुज जल विद्युत निगम लिमिटेड और हिमाचल प्रदेश राज्य ऊर्जा बोर्ड लिमिटेड में भी विभिन्न पदों पर कार्य किया है।
इस अवसर पर बहूद्देशीय परियोजनाएं एवं ऊर्जा मन्त्री सुखराम चौधरी, मुख्यमन्त्री के प्रधान सचिव जे. सी. शर्मा, ऊर्जा विभाग के विशेष सचिव हेमराज बैरवा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

Comments (0)
Add Comment