हिमाचल प्रदेश के मुख्यमन्त्री जय राम ठाकुर ने प्रदेश के चार नगर निगमों के चुनावों के नतीजों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के ख़राब प्रदर्शन पर सफ़ाई देते हुए कहा है कि उनकी हार नहीं बल्कि जीत हुई है। जय राम ठाकुर ने कहा कि उनकी चुनाव से ज़्यादा विकास की अवधारणा है। जय राम ने काँग्रेस के लोगों से कहा कि इतना उत्साहित न हों।
ग़ौरतलब है कि सात अप्रैल को हुए चार नगर निगमों के चुनावों में भाजपा का प्रदर्शन ख़राब रहा और उसे सिर्फ़ एक नगर निगम मण्डी में ही स्पष्ट बहुमत मिला। इन चुनावों में काँग्रेस को दो नगर निगमों पालमपुर और सोलन में स्पष्ट बहुमत मिला। एक नगर निगम धर्मशाला में किसी भी दल को बहुमत नहीं मिला।
जय राम ठाकुर ने कहा कि जनसंख्या बढ़ने के साथ विकास होना चाहिए। जय राम ने कहा कि लोगों को सुविधाएं उपलब्ध करवाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि नगर परिषदें, नगर पंचायतें और नगर निगम विकास में भूमिका निभाते हैं।