पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए गोबिन्द सागर झील में एशियन विकास बैंक परियोजना के तहत जलक्रीड़ा और पर्यटन-आधारित दूसरी गतिविधियां शुरु की जाएंगी। यह बात हिमाचल प्रदेश के मुख्यमन्त्री जय राम ठाकुर ने आज बिलासपुर ज़िला के बिलासपुर सदर विधानसभा क्षेत्र के कंदरौर में एक जनसभा को सम्बोधित करते हुए कही।
जय राम ठाकुर ने कहा कि अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) का उद्घाटन देश के प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदी द्वारा इस साल जून महीने तक किया जा सकता है। इस मौक़े पर जय राम ठाकुर ने कंदरौर में लगभग 210 करोड़ रुपये की लागत की 26 विकासात्मक परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया।