हिमाचल के विकास में वीरभद्र सिंह का अभूतपूर्व योगदान है। यह बात हिमाचल प्रदेश के मुख्यमन्त्री जय राम ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमन्त्री वीरभद्र सिंह के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कही।
जय राम ठाकुर ने वीरभद्र सिंह के निजी आवास होली लॉज पहुँचकर वीरभद्र सिंह के पार्थिव शरीर पर पुष्पाँजलि अर्पित की। जय राम ने वीरभद्र सिंह की धर्मपत्नी प्रतिभा सिंह और उनके बेटे विक्रमादित्य सिंह के साथ अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
जय राम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के विकास में वीरभद्र सिंह का अनुकरणीय योगदान है। जय राम ने कहा कि वीरभद्र सिंह ने अपना पूरा जीवन समाज के हर वर्ग विशेषकर कमज़ोर और शोषित वर्गों के उत्थान के प्रति समर्पित किया। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह ने केन्द्रीय मन्त्री रहते हुए देश के साथ-साथ राज्य के विकास में भी अहम भूमिका निभाई। जय राम ठाकुर ने कहा कि उनकी मज़बूत इच्छाशक्ति, प्रतिबद्धता और दृढ़ संकल्प हम सभी के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा। जय राम ने कहा कि वीरभद्र सिंह के निधन से उत्पन्न शून्य को आने वाले समय में भरना मुश्किल होगा।
हिमाचल प्रदेश के शहरी विकास मन्त्री सुरेश भारद्वाज, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप और अन्य वरिष्ठ भाजपा एवं काँग्रेस नेताओं ने भी होली लॉज पहुँचकर वीरभद्र सिंह के पार्थिव शरीर पर पुष्पाँजलि अर्पित की। हिमाचल प्रदेश मन्त्रिमण्डल के सभी सदस्यों ने भी वीरभद्र सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया।