प्रधानमन्त्री द्वारा सदन की मर्यादा का उल्लंघन और सदन का अपमान विशेषाधिकार-हनन है

मल्लिकार्जुन खड़गे आज दिल्ली में विपक्ष के विरोध-प्रदर्शन के दौरान मीडिया से बात कर रहे थे

काँग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने वीरवार को कहा है कि प्रधानमन्त्री द्वारा सदन की मर्यादा का उल्लंघन और सदन का अपमान विशेषाधिकार हनन है। मल्लिकार्जुन खड़गे आज दिल्ली में विपक्ष के विरोध-प्रदर्शन के दौरान मीडिया से बात कर रहे थे। भारतीय राष्ट्रीय विकासात्मक समावेशी गठबन्धन (इण्डिया) के साँसदों ने आज मोदी सरकार की तानाशाही की बात कहते हुए इसके ख़िलाफ़ संसद से विजय चौक तक विरोध मार्च निकाला।
मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि प्रधानमन्त्री ने सदन की मर्यादा का उल्लंघन और सदन का अपमान किया है, यह विशेषाधिकार हनन का मामला बनता है। खड़गे ने कहा कि प्रधानमन्त्री को पहले सदन में आकर बोलना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमन्त्री सदन में बोलने की बजाय सदन से बाहर बोल रहे थे, यह वाकई निन्दनीय है।
मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि विपक्ष लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा के सभापति से बार-बार अनुरोध कर रहा है। खड़गे ने कहा कि संविधान और लोकतान्त्रिक प्रथाओं को बरकरार रखा जाना चाहिए।
मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि सत्ता पक्ष के सदस्य कार्रवाई में व्यवधान डाल रहे हैं। खड़गे ने कहा कि इससे पता चलता है कि उन्हें भारत के लोकतन्त्र में विश्वास नहीं है।

Comments (0)
Add Comment