दिल्ली के मुख्यमन्त्री अरविन्द केजरीवाल ने कहा है कि उप-राज्यपाल वी. के. सक्सेना संविधान को कुचल रहे हैं। अरविन्द केजरीवाल ने कहा कि सक्सेना ने सर्वोच्च न्यायालय में सच्चाई बताने से रोकने की कोशिश की। केजरीवाल ने कहा कि ऐसे उप-राज्यपाल के साथ दिल्ली कैसे चलेगी! अरविन्द केजरीवाल ने शनिवार को एक संवाददाता सम्मेलन में दिल्ली मेयर चुनाव मामले में वी. के. सक्सेना पर कई इल्ज़ाम लगाए।
अरविन्द केजरीवाल ने कहा कि इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ कि एक ही वकील को दिल्ली सरकार और उप-राज्यपाल का वकील नियुक्त किया गया। केजरीवाल ने कहा कि वी. के. सक्सेना ने सचिव को आदेश दिए और सर्वोच्च न्यायालय में दोनों पक्षों के वकील तय किए। अरविन्द केजरीवाल ने कहा कि सक्सेना ने तुषार मेहता को वकील बनाया जो पहले से ही दिल्ली सरकार का केस लड़ रहे थे।