जिनका कोई इतिहास नहीं वो दूसरों का इतिहास मिटाने चले हैं, बोले मल्लिकार्जुन खड़गे

मल्लिकार्जुन खड़गे ने आज संस्कृति मन्त्रालय द्वारा नेहरु स्मारक संग्रहालय और पुस्तकालय (ऐनऐमऐमऐल) का नाम बदलने पर की यह टिप्पणी

काँग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने शुक्रवार को कहा है कि जिनका कोई इतिहास ही नहीं है वो दूसरों के इतिहास को मिटाने चले हैं। मल्लिकार्जुन खड़गे ने आज यह टिप्पणी संस्कृति मन्त्रालय द्वारा नेहरु स्मारक संग्रहालय और पुस्तकालय (ऐनऐमऐमऐल) का नाम बदलने पर की।
मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि नेहरु स्मारक संग्रहालय और पुस्तकालय का नाम बदलने के कुत्सित प्रयास से आधुनिक भारत के शिल्पकार और लोकतन्त्र के निर्भीक प्रहरी, पण्डित जवाहरलाल नेहरु की शख़्सियत को कम नहीं किया जा सकता। खड़गे ने कहा कि इससे केवल भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरऐसऐस) की ओछी मानसिकता और तानाशाही रवैये का परिचय मिलता है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की बौनी सोच हिन्द के जवाहर का भारत के प्रति विशालकाय योगदान कम नहीं कर सकती।

Comments (0)
Add Comment