काँग्रेस महासचिव प्रियंका गाँधी ने सोमवार को कहा है कि ये चुनाव देश में बदलाव लाने और संविधान को बचाने के चुनाव हैं। प्रियंका गाँधी ने आज राजस्थान के दौसा में एक जनसभा को सम्बोधित किया।
प्रियंका गाँधी ने कहा कि यह देश इसलिए आगे बढ़ा, क्योंकि आप जागरूक हैं, देश में लोकतन्त्र है, और यहाँ के नेताओं ने हमेशा जनता को सर्वोपरि रखा। प्रियंका ने कहा कि आज आपको दबाने का काम किया जा रहा है, लोकतन्त्र को ख़त्म करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि ये चुनाव किसी पार्टी के नहीं, बल्कि देश में बदलाव लाने और संविधान को बचाने के चुनाव हैं। प्रियंका गाँधी ने कहा कि लोगों का यह प्यार और विश्वास बता रहा है कि हम जिस अन्याय के ख़िलाफ़ आगे बढ़ रहे हैं, उसमें जनता हमारे साथ है।