हिमाचल प्रदेश के मुख्यमन्त्री जय राम ठाकुर ने कहा है कि बेहतर व जीवन्त समाज के लिए लोगों को त्वरित एवं किफ़ायती न्याय आवश्यक है। जय राम ठाकुर ने कहा कि लोगों को उनके घर-द्वार के समीप तीव्र एवं किफ़ायती न्याय सुनिश्चित किया जाना चाहिए। जय राम आज मण्डी ज़िला के सिराज विधानसभा क्षेत्र के अन्तर्गत थुनाग में हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति ऐल. नारायण स्वामी की उपस्थिति में सिविल जज एवं जेएमआईसी थुनाग न्यायालय का उद्घाटन करने के पश्चात एक जनसभा को सम्बोधित कर रहे थे।
जय राम ठाकुर ने कहा कि यह विशेष रूप से थुनाग और सिराज विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए एक ऐतिहासिक दिन है कि उन्हें अपने क्षेत्र में एक नागरिक न्यायालय मिला है। जय राम ने कहा कि अभी तक इस क्षेत्र के लोगों को न्याय प्राप्त करने के लिए मण्डी तक का सफ़र तय करना पड़ता था जिससे न केवल समय की बर्बादी होती थी बल्कि लोगों का काफ़ी धन भी ख़र्च होता था। उन्होंने कहा कि इस न्यायालय से लगभग 50 हज़ार लोगों को सुविधा प्राप्त होगी। जय राम ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि थुनाग में शीघ्र ही न्यायिक परिसर और न्यायालय स्थापित हों ताकि न्यायिक अधिकारियों और लोगों को बेहतर सुविधाएं प्रदान की जा सकें।