भारत के जल शक्ति राज्य मन्त्री प्रह्लाद सिंह पटेल ने कहा है कि स्वच्छ भारत मिशन में ठोस तरल अपशिष्ट प्रबन्धन पर विशेष बल दिया गया है और इस दिशा में मुख्य रूप से ध्यान केन्द्रित किया जाए। प्रह्लाद सिंह पटेल ने हिमाचल प्रदेश के जल शक्ति विभाग के अधिकारियों को सभी घरों में नल से पानी का कनैक्शन निर्धारित समय के अन्दर मुहैया करवाने का लक्ष्य प्राप्त करने के लिए कहा। प्रह्लाद सिंह पटेल शिमला में जल शक्ति मिशन एवं स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की राज्य स्तरीय समीक्षा-बैठक में हिस्सा ले रहे थे।
इस बैठक में हिमाचल प्रदेश के मुख्यमन्त्री जय राम ठाकुर ने प्रह्लाद सिंह पटेल को हिमाचल प्रदेश में जल जीवन मिशन एवं स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के क्रियान्वयन की जानकारी भी दी। जय राम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में 17.28 लाख क्रियात्मक घरेलू नल कनैक्शन (ऐफ़एचटीसी) हैं। जय राम ने कहा कि हिमाचल प्रदेश ऐफ़एचटीसी कवरेज में शीर्ष 10 राज्यों में शामिल है।