हिमाचल प्रदेश के मुख्यमन्त्री जय राम ठाकुर ने कहा है कि धर्मशाला-मैकलोडगंज स्काईवे पर्यटकों के साथ-साथ अन्य यात्रियों को परिवहन की वैकल्पिक सुविधा उपलब्ध करवाने में सहायक सिद्ध होगा। इस स्काईवे का आज उद्घाटन किया गया। इसका निर्माण 207 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है।
जय राम ठाकुर ने कहा कि इस रोपवे का निर्माण विश्व स्तरीय नवीनतम तकनीक से किया गया है। जय राम ने इस परियोजना के निष्पादकों को दैनिक यात्रियों के लिए पास उपलब्ध करवाने की एक प्रणाली विकसित करने के लिए भी कहा।
इस मौक़े पर जय राम ठाकुर ने काँगड़ा ज़िला के धर्मशाला में 283.19 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 17 विकासात्मक परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया। इस मौक़े पर जय राम ने राजस्व विभाग के पटवारियों को लैपटॉप भी वितरित किए।