शिव प्रताप शुक्ल ने शनिवार को हिमाचल प्रदेश के 29वें राज्यपाल के तौर पर शपथ ली है। आज शिमला में राजभवन में आयोजित एक समारोह में हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय की कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सबीना ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण समारोह में हिमाचल प्रदेश के मुख्यमन्त्री सुखविन्दर सिंह सुक्खू और उप-मुख्यमन्त्री मुकेश अग्निहोत्री भी मौजूद थे। इनके अलावा इस मौक़े पर शिव प्रताप शुक्ल की पत्नी जानकी शुक्ल, हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मन्त्री धनी राम शाण्डिल, उद्योग मन्त्री हर्षवर्धन चौहान, बाग़वानी मन्त्री जगत सिंह नेगी, शिक्षा मन्त्री रोहित ठाकुर, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मन्त्री अनिरुद्ध सिंह, लोक निर्माण मन्त्री विक्रमादित्य सिंह, मुख्य संसदीय सचिव, साँसद एवं प्रदेश काँग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला, सह-प्रभारी प्रदेश काँग्रेस तजिन्दर सिंह बिट्टू और साँसद एवं प्रदेश काँग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह समेत कई लोग मौजूद थे।