भारत के प्रधानमन्त्री ने किया अटल टनल रोहतांग का लोकार्पण

प्रधानमन्त्री ने इस सुरंग के निर्माण के लिए की सीमा सड़क संगठन के कठिन परिश्रम की सराहना

भारत के प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश के कुल्लू ज़िला के दक्षिणी पोर्टल मनाली में अटल टनल रोहतांग का लोकार्पण किया। इसके बाद प्रधानमन्त्री ने मनाली के सोलंग नाला में एक जनसभा को सम्बोधित भी किया।
प्रधानमन्त्री ने इस सुरंग के निर्माण के लिए सीमा सड़क संगठन के कठिन परिश्रम की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस सुरंग से लाहौल-स्पिति, लेह और लद्दाख में विकास के नए आयाम स्थापित होंगे। इस अवसर पर प्रधानमन्त्री ने लाहौल घाटी के दक्षिणी छोर से मनाली के लिए बस सेवा को हरी झण्डी भी दिखाई।
इस अवसर पर भारत के रक्षा मन्त्री राजनाथ सिंह ने भी जनसभा को सम्बोधित किया। रक्षा मन्त्री ने कहा कि यह सुरंग सामरिक दृष्टि से अत्यन्त महत्वपूर्ण है और इससे सीमावर्ती क्षेत्रों में बेहतर सम्पर्क भी सुनिश्चित होगा। उन्होंने कहा कि यह सुरंग वर्ष भर लद्दाख के लिए सम्पर्क बनाए रखने के साथ-साथ सशस्त्र सेनाओं को सीमावर्ती क्षेत्रों के साथ जोड़े रखने में सामरिक लाभ प्रदान करेगी।
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमन्त्री जयराम ठाकुर ने प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदी और रक्षा मन्त्री राजनाथ सिंह का राष्ट्र को अटल टनल समर्पित करने के लिए धन्यवाद किया। मुख्यमन्त्री ने कहा कि अटल टनल रोहतांग से इस क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और प्रदेश की आर्थिकी सुदृढ़ होगी।
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार, केन्द्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट मामले राज्य मन्त्री अनुराग सिंह ठाकुर, परिवहन मन्त्री बिक्रम सिंह, शिक्षा मन्त्री गोविन्द सिंह ठाकुर, ऊर्जा मन्त्री सुख राम चौधरी, विधायक एवं हिमाचल प्रदेश राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष रमेश धवाला, सांसद राम स्वरूप शर्मा एवं किशन कपूर, सांसद एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप, विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष राजीव बिन्दल, विधायक विनोद कुमार; किशोरी लाल; विशाल नेहरिया; रवि धीमान; अरुण कुक्का; आशीष बुटेल एवं विक्रमादित्य सिंह और पूर्व सांसद महेश्वर सिंह भी उपस्थित थे।

Comments (0)
Add Comment