भारत के प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश की लाहौल घाटी के सिस्सू में जनसभा को सम्बोधित करते हुए इस क्षेत्र के लोगों को अटल टनल रोहतांग के निर्माण के लिए बधाई दी है। प्रधानमन्त्री ने कहा कि अटल टनल रोहतांग इस क्षेत्र में पर्यटन और कृषि-आर्थिकी को सुदृढ़ करने में अहम भूमिका निभाएगी।
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमन्त्री जय राम ठाकुर ने सिस्सू में प्रधानमन्त्री का अटल टनल रोहतांग को देश के लोगों को समर्पित करने के लिए आभार व्यक्त किया। मुख्यमन्त्री ने कहा कि इस टनल से लाहौल के लोगों का हर मौसम में देश के अन्य क्षेत्रों से सम्पर्क बना रहेगा और यह पर्यटन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि यह टनल सामरिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। मुख्यमन्त्री ने कहा कि यह सशस्त्र सेनाओं को चीन से लगने वाली लेह-लद्दाख की सीमाओं के लिए हथियार और अन्य सामग्री के परिवहन में सहायक सिद्ध होगी। इस अवसर पर केन्द्रीय रक्षा मन्त्री राजनाथ सिंह ने भी अपने विचार प्रकट किए।
इस अवसर पर केन्द्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट मामले राज्य मन्त्री अनुराग ठाकुर, हिमाचल प्रदेश के तकनीकी शिक्षा मन्त्री रामलाल मारकण्डा; कृषि मन्त्री वीरेन्द्र कंवर; स्वास्थ्य मन्त्री राजीव सैजल; खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मन्त्री राजेन्द्र गर्ग; साँसद रामस्वरूप शर्मा और हिमाचल प्रदेश सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।