कर्नाटक विधानसभा चुनावों में बुधवार को क़रीब 70 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। कर्नाटक विधानसभा की 224 सीटों के लिए 2,614 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
कर्नाटक विधानसभा चुनावों में मतदान सुबह सात बजे शुरु हुआ। पूरे राज्य में सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग मतदान केन्द्रों पर पहुँचना शुरु हो गए थे। दोपहर तीन बजे तक 52.18 प्रतिशत मतदान हो चुका था। शाम पाँच बजे तक 65.69 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था।
ग़ौरतलब है कि साल 2018 में हुए कर्नाटक विधानसभा चुनावों में 222 निर्वाचन क्षेत्रों में 72.13 प्रतिशत मतदान हुआ था।